हिन्दी

डब्ल्यूटीओ : रूस-यूक्रेन मुठभेड़ ने अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की बहाली पर बुरा प्रभाव डाला

criPublished: 2022-04-13 16:27:08
Share
Share this with Close
Messenger Pinterest LinkedIn

विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने 12 अप्रैल को जारी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की वार्षिक अनुमान रिपोर्ट में कहा कि रूस-यूक्रेन मुठभेड़ ने कमज़ोर अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की बहाली पर बुरा असर डाला है।

रिपोर्ट में पूर्वानुमान है कि रूस-यूक्रेन मुठभेड़ के चलते, वर्ष 2022 में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की वृद्धि दर 3 प्रतिशत होगी, जो पहले के अनुमान के 4.7 प्रतिशत से काफ़ी नीचे है। साथ ही वर्ष 2023 में यह दर 3.4 प्रतिशत होने की संभावना है।

डब्ल्यूटीओ के अर्थशास्त्रियों के पूर्वानुमान के मुताबिक वर्ष 2022 में बाजार विनिमय दर के आधार पर परिकलित वैश्विक आर्थिक दर में 2.8 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है, जो पहले के अनुमान की 4.1 प्रतिशत की तुलना में 1.3 प्रतिशत कम होगी। साथ ही वर्ष 2023 में यह दर 3.2 प्रतिशत रहने की उम्मीद है, जो वर्ष 2010 से 2019 तक के औसत विकास दर के करीब होगी।

रिपोर्ट का मानना है कि वर्ष 2022 में स्वतंत्र राष्ट्रों के राष्ट्रमंडल यानी सीआईएस (यूक्रेन को छोड़कर) के उत्पादन में 7.9 प्रतिशत की गिरावट होगी। क्षेत्रीय आयात में भी 12 प्रतिशत की कमी होने की आशंका है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रूस-यूक्रेन मुठभेड़ का सबसे तात्कालिक आर्थिक प्रभाव कमोडिटी की कीमतों में तेजी से वृद्धि के रूप में दिख रहा है। डब्ल्यूटीओ की महानिदेशक न्गोज़ी ओकोंजो-इवेला ने कहा कि रूस-यूक्रेन मुठभेड़ से विश्व आर्थिक विकास को नुकसान पहुंचा है। इसका नकारात्मक प्रभाव दुनिया के विभिन्न इलाकों में फैला हुआ है। कम आय वाले देशों को विशेष रूप से गंभीर खतरे का सामना करना पड़ेगा। आपूर्ति की कमी और बढ़ती खाद्य कीमतों के कारणों से कम आय वाले लोगों के जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने मुद्रास्फीति और आपूर्ति में दबाव का सामना करने के लिये सभी देशों की सरकारों और बहुपक्षीय संगठनों से व्यापार को आगे बढ़ाने के लिये प्रयास करने की अपील भी की है।

Share this story on

Messenger Pinterest LinkedIn